देश

शस्त्र पूजा पर नकारात्मक टिप्पणी करके कांग्रेस पार्टी संस्कार विहीन हो चुकी है-मनोज तिवारी

शस्त्र पूजा करना भारतीय संस्कृति का हिस्सा है-मनोज तिवारी
 
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से आये राफेल के कारण देश की सैन्य शक्ति दोगुनी हो गई-मनोज तिवारी
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज कांग्रेस नेताओं द्वारा राफेल विमान की शस्त्र पूजा पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणी पर निशाना साधते हुये कहा कि राफेल विमान की विजयादशमी के दिन देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह द्वारा शस्त्र पूजा की गई, जो कि कांग्रेस के कई नेताओं को रास नहीं आ रहा है। एक ओर जहां पूरा देश इस गौरवमयी क्षण को अपने-अपने घर पर न्यूज चैनलों के माध्यम से देख रहा था उस समय कांग्रेस के नेताओं की बदजुबानी अपने चरम पर थी। कांग्रेस की नइया डूब रही है और हर कोई इसे छोड़कर जा रहा है। कोई भी कांग्रेस की इस डूबती नांव पर सवारी करना नहीं चाहता है। हताशा व निराशा झेल रहे कांग्रेस के नेता इतने नाकारात्मक हो गये है कि उन्हें देश के लिए गौरवमयी पल को भी नकारात्मक दृष्टि से देखा और उस पर टिप्पणी करने से बाज नहीं आये। कई वर्षों बाद देश के लिए गौरवमयी स्वर्णिम पल आये हैं और उसे असहज होकर स्वार्थगत राजनीतिक चश्में द्वारा कांग्रेस के नेता देख रहे हैं।
श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा शस्त्र पूजा पर टिप्पणी करते हुये नींबू रखने का मजाक बनाया गया जिसकी जितनी भी निंदा की जाये वह कम है। शस्त्र पूजा करना रोली चंदन से शस्त्रों को तिलक कर शुभ करना, नारियल, नीबूं लगाना भारतीय संस्कृति का प्रमुख हिस्सा है। हिन्दू धर्म में माने जाने वाले शुभ रिवाज है जिनके पश्चात ही कोई शुभ कार्य किया जाता है। लेकिन कांग्रेस ने इस तरह के आपत्तिजनक बयानों से यह स्पष्ट कर दिया है कि वो संस्कार विहीन पार्टी है। दलगत राजनीति से परे कांग्रेस को देश के सेना व सुरक्षा के मामले में बयानबाजी नहीं करनी चाहिये।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेता सोशल मिडिया पर इस तरह की बयानबाजी कर अपनी मानसिक प्रवृति का प्रदर्शन देश के सामने कर रहे हैं। राफेल आने से देश के सेना की शक्ति दोगुनी हुई है जिसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रक्षा मंत्री  राजनाथ सिंह का प्रयास अत्यन्त सराहनीय है। मोदी जी की प्रबल इच्छा शक्ति का द्योतक राफेल अब आंधी बनकर दुश्मनों के छक्के छुड़ाने के लिए वायु सेना के बेड़े में आ चुका है। हमारी विदेश नीति भी सबको साथ लेकर चलने की है, न की लड़ने झगड़ने की। हमारे देश के आंतरिक मामलों में तरह की देशविरोधी बयानबाजी होगी तो देश की छवि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर खराब होगी। कांग्रेस के तमाम नेताओं को इस बयान के लिए 130 करोड़ देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

About the author

pyarauttarakhand5