उत्तराखंड

नहीं रहे थराली से भाजपा विधायक मगन लाल शाह

26 फरवरी को कर्णप्रयाग में अलकनंदा व पिण्डर के पावन संगम पर होगा विधायक मंगन लाल का अंतिम संस्कार

देहरादून(प्याउ)। उत्तराखण्ड विधानसभा में सीमान्त जनपद चमोली की विधानसभा क्षेत्र  थराली से  विधायक मगन लाल शाह की 25 फरवरी की रात 10.25 बजे को 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। नलगांव के मूल निवासी दिवंगत विधायक मगन लाल का अंतिम संस्कार 26 फरवरी को कर्णप्रयाग में अलकनंदा व पिण्डर के पावन संगम पर दोहपर को होगा। जनपद चमोली के वरिष्ठ भाजपा नेता पुरूषोत्तम शास्त्री के अनुसार मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत सहित प्रदेश सरकार व अनैक राजनेताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उनको अंतिम विदाई देगी।

इस दुखद खबर की जानकारी उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने फेसबुक में गहरा शोक प्रकट करते हुए कही।

25 फरवरी की रात के 11 बजे अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि थराली से विधायक मगन लाल शाह जी के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। मगन लाल शाह जी थराली की जनता के सच्चे सेवक थे। अपने ऐसे साथी को खोने से व्यथित हूं। दुःख की इस घड़ी में मैं मगन लाल जी के परिजनों के साथ खड़ा हूं। ईश्वर उन्हें इस दुःखद समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करे।
गौरतलब है कि देहरादून के हिमालय चिकित्सालय में उनको 19 फरवरी को अस्वस्थ होने के कारण भर्ती कराया गया । वहां चिकित्सकों ने बताया कि उनको बुखार व सांस लेने में परेशानी हो रही है। उनकी हालत में सुधार न होने उनको बेहतर इलाज के लिए वायु एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने की तैयारी भी कर ली थी। परन्तु उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उनको वायु एम्बुलेंस से ले जाने की इजाजत नहीं दी। उनको जीवन रक्षक यंत्र वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ भाजपा नेता उनकी सुध लेने चिकित्सालय पंहुचे थे। उनके निधन पर हुए उनके गृह जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेता व विधायक के करीबी पुरूषोत्तम शास्त्री ने गहरा शोक प्रकट किया।  क्षेत्र की जनता अपने जनप्रिय व साफ छवि  विधायक के आकस्मिक निधन पर शोक में डूब गयी।
गौरतलब है कि नलगांव के निवासी मगन लाल शाह प्रदेश के सबसे साफ छवि के तेजतरार विधायक के साथ कुशल प्रशासक भी थे। वे भारतीय जनता पार्टी में उत्तराखण्ड के अनुसूचित जाति जनजाति के प्रदेश प्रमुख भी रहे। विधायक मगन लाल शाह नारायण बगड विकास खण्ड के ब्लाक प्रमुख भी रहे। उनकी जमीनी पकड़ के कारण उनकी पत्नी मुन्नी शाह, जनपद चमोली की जिला पंचायत अध्यक्ष है। प्यारा उत्तराखण्ड समाचार पत्र ने दिवगत विधाायक मगन लाल शाह को जनप्रिय व क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित नेता बताते हुए उनकी आत्मा को शांति की कामना की।

About the author

pyarauttarakhand5