Chamoli Rudraprayag उत्तराखंड देश

भक्ति के साथ सच्चे मन से उत्तराखंड जन आकांक्षाओं को साकार करने से ही प्रसन्न होते हैं भगवान शिव

भगवान केदारनाथ की शरण में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

प्यारा उत्तराखंड डॉट कॉम एवं उत्तराखंड सूचना केंद्र

केदारनाथ  उत्तराखंड सूचना केंद्र पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार 11 अक्टूबर 2022 को श्री केदारनाथ में पूजा-अर्चना कर बाबा केदार से प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री केदारनाथ में पधारे साधु-संतों से भेंट भी की।

मुख्यमंत्री द्वारा केदारनाथ धाम दर्शन को जाने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए उत्तराखंड आंदोलन के वरिष्ठ आंदोलनकारी देव सिंह रावत ने कहा कि हर जीव के लिए परमधाम ही भगवान शिव की अनन्य शरण है। मुख्यमंत्री धामी सहित सभी राजनेताओं व भक्तों को इस बात को अवश्य ध्यान में रखना चाहिए कि भगवान सदा जड़ चेतन की कल्याण के लिए समर्पित भक्तों से ही प्रसन्न होते हैं। जो अपने निहित स्वार्थ के लिए जनता के हितों पर कुठाराघात करते हैं और भगवान की पूजा करते हैं। ऐसे स्वार्थी भक्तों से भगवान कभी प्रसन्न नहीं होते हैं अपितु वह अपने प्रिय भक्त रावण की तरह उन्हें कड़ा दंड देने में भी तनिक सी हिचकिचाहट महसूस नहीं करते हैं। इसलिए सभी राजनेताओं को समझ लेना चाहिए कि जनसेवा से ही भगवान प्रसन्न होते हैं। मुख्यमंत्री धामी सहित उत्तराखंड के राजनेताओं को यह गांठ बांध लेनी चाहिए कि जन द्रोहियों  को परमात्मा कभी माफ नहीं करते हैं। चाहे वह कितना भी बड़ी पूजा अर्चना व भक्ति कर ले।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित उत्तराखंड व देश का शासन प्रशासन प्रधानमंत्री मोदी के श्रद्धा के केंद्र रहे बदरी केदार धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कर रहे हैं और मुख्यमंत्री सहित शासन इन कार्यों का निरीक्षण समय-समय पर करते रहते हैं। इसी सप्ताह केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने  अधिकारियों को निर्देश दिये कि यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत श्री केदारनाथ में हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के अन्दर पूर्ण किये जाएं। मुख्यमंत्री ने श्री केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग  मयूर दिक्षित को निर्देश दिये कि यह प्रयास किये जाएं कि श्री केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचने वाले 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं को प्रतिदिन ठहरने की उचित व्यवस्था रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालु देवभूमि का अच्छा संदेश लेकर देश-दुनिया में जाएं, इसके लिए श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास सरकार द्वारा किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भव्य एवं दिव्य केदारपुरी का निर्माण हो रहा है।  श्री केदारनाथ के निकटवर्ती स्थानों को आध्यात्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए योजना बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ एवं गौरीकुण्ड से केदारनाथ पैदल मार्ग पर अध्यात्म एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत अनेक कार्य किये जा रहे हैं।

इस अवसर पर बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष  अजेन्द्र अजय,  अजय सेमवाल,  दिनेश उनियाल जिला अध्यक्ष भाजपा, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती,  विनोद राणा सदस्य जिला पंचायत कालीमठ, अध्यक्ष जिला पंचायत  सुमंत तिवारी, विनोद शुक्ला, अपर मुख्य कार्य कारी अधिकारी केदारनाथ योगेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे।

About the author

pyarauttarakhand5