देश

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़कर जिन्होंने सरकार बनाई थी वह पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है और  उनके पास अपने बचाव में कोई जवाब नहीं है- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जारी किया भाजपा का नगर निगम चुनाव संकल्प पत्र

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने 12 सुत्रीय संकल्प पत्र पर की विस्तृत चर्चा

42000 करोड़ रुपये फाइनेंस कमीशन के आधार पर देना था, लेकिन केजरीवाल सरकार ने यह पैसे ना देकर नगर निगम के कामों को बाधित किया-पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 25 नवम्बर 2022, प्यारा उत्तराखंड डॉट कॉम। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से दिल्ली भाजपा का नगर निगम चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली भाजपा के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  आदेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष  रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद डॉ हर्षवर्धन,  रमेश बिधूड़ी,  प्रवेश साहिब सिंह,  हंसराज हंस, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल, प्रदेश भाजपा नगर निगम चुनाव समिति के संयोजक  आशीष सूद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संकल्प पत्र समिति के संयोजक  सतीश उपाध्याय और भाजपा नेता  मनजिंदर सिंह सिरसा उपस्थित थे। प्रदेश प्रवक्ता  प्रवीण शंकर कपूर पत्रकार वार्ता का संचालन किया और संकल्प पत्र समिति का परिचय कराया।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज संकल्प पत्र जारी करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आन बान शान के रुप में देखी जाने वाली दिल्ली में पिछले आठ सालों में केजरीवाल सरकार का रवैया बहुत ही दुखदायी है और आज दिल्ली में भ्रष्टाचार अपने चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़कर जिन्होंने सरकार बनाई थी वह पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है और  उनके पास अपने बचाव में कोई जवाब नहीं है।

श्री गोयल ने कहा कि केजरीवाल सरकार का संवैधानिक दायित्व था कि वह नगर निगम का सहयोग करें लेकिन सरकार हर प्रकार से अपने इन दायित्वों का निर्वहन करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि 42000 करोड़ रुपये संवैधानिक फाइनेंस कमीशन के आधार पर देना था, लेकिन केजरीवाल सरकार ने यह पैसे ना देकर नगर निगम के कामों को बाधित किया।

श्री पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले आठ सालों में दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर क्या परिवर्तन हुआ है, यह आज तक केजरीवाल सरकार नहीं दिखा पाई। अपने किए वायदों के अनुसार केजरीवाल ने एक भी नए अस्पताल क्यों नहीं बनवाएं। इसका भी जवाब उनके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को सुविधा के नाम पर अगर देखें तो अपने बड़े होर्डिंग्स और अपने खोखले प्रचार के अलावा केजरीवाल सरकार ने कुछ नहीं दिया।

श्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज दिल्ली की जरुरतों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार आगे आई है, लेकिन वर्षों से अपने वायदों से गुमराह करने वाले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए कुछ नहीं किया। फ्लाईओवर बनाना हो, मेट्रो का विस्तार करना हो या फिर कनेक्टिविटी सुधारने की बात हो, हर तरह की सुविधाओं को केंद्र सरकार ने मुहैया कराने की कोशिश की है। मैं नगर निगम के साथ जो अन्याय की राजनीति केजरीवाल सरकाने की है, उसकी घोर निंदा करता हूं और इसका बदला दिल्लीवासी जरुर आगामी निगम चुनाव में भाजपा को वोट करके केजरीवाल से लेंगे।

श्री पीयूष गोयल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्रों में कई बड़े वायदें करके और एक या दो स्कूलों को नमूने के तौर पर बनाकर करोड़ों रुपये उसके विज्ञापन में बहाने वाले केजरीवाल आज तक अपने वायदों को पूरा नहीं किया है। करोड़ों रुपये मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर पानी की तरह बहाया गया लेकिन जब उसकी जमीनी स्तर पर जांच करने की बारी आई तो वह पूरी तरह से फेल साबित हुआ। केजरीवाल सरकार के किसी भी विभाग में अकाउंटबिलीटी नहीं है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने आज भाजपा द्वारा जारी नगर निगम के संकल्प पत्र के सभी 12 सुत्रीय संकल्प पत्र के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उसे मीडिया के सामने रखा। वे 12 सुत्रीय संकल्प पत्र हैं-

1.    ई-गवर्नेंस से निगम की सेवाएं नागरिकों को मोबाइल में उपलब्ध कराएंगे एवं निगम कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं देंगे।
2.    प्रदूषण नियंत्रण में योगदान देंगे एवं दिल्ली को सस्टेनेबल एवं ग्रीन सिटी बनाएंगे
3.    केंद्र सरकार के सहयोग से 5 सालों में 7 लाख गरीबों को दिल्ली में आवास प्रदान करेंगे।
4.    गृह निर्माण नियमों को सरल, सम्पति कर में और छूट एवं आर.डब्ल्यूए.ए. के साथ संयुक्त कार्य करेंगे।
5.    सभी साप्ताहिक बाज़ारों का नियमितीकरण, रेहड़ी पटरी एवं असंगठित मजदूरों एवं उपेक्षित वर्गों को और सुविधाएं देंगे।
6.    फैक्ट्री लाइसेंस समाप्त करेंगे एवं व्यापारियों को लाइसेंस फीस में  और छूट देंगे।
7.    झुग्गी झोंपड़ी, ग्रामीण इलाकों, अनाधिकृत कॉलोनियों एवं जे.जे. कलस्टर में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाएंगे।
8.    महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करेंगे।
9.    युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर एवं 2027 तक निगम के सभी 1616 स्कूलों को स्मार्ट स्कूल में परिवर्तित करेंगे।
10.    निगम की स्वास्थ्य सुविधाओं का आधुनिकरण करेंगे और उन्हें जन औषधि केंद्रों से जोड़ेंगे।
11.    पार्किंग की बेहतर सुविधा एवं स्ट्रे एनिमल्स की समस्या का निराकण करेंगे।
12.    1,000 स्थाई छठ घाट एवं वॉटर बॉडीज बनाएंगे एवं दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत का सृजन करेंगे।

दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि यह संकल्प पत्र जन आकांक्षाओं का संकल्प पत्र है क्योंकि एकीकरण के बाद लोगों की बहुत अपेक्षाएं है इसलिए लोगों से राय लेने के बाद हमने अपने 12 सूत्रीय संकल्प पत्र को जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम के सुदृढ़ीकरण से लेकर आर.डब्ल्यू.ए. व्यापारिक संस्थाओं, युवाओं एवं महिलाओं के संगठनों स्वरोजगारी लोगों के संगठनों आदि से हमने संवाद करके इस संकल्प पत्र को तैयार कर जनता को समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि जनसंवाद एवं संकल्प पत्र निर्माण में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं  रामवीर सिंह बिधूड़ी,  विजेन्द्र गुप्ता, अभय वर्मा के साथ ही श्रीमती रेखा गुप्ता,  हर्ष मल्होत्रा, प्रवीण शंकर कपूर, श्री संदीप कपूर, श्री राघव अवस्थी एवं प्रो हरि किशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह संकल्प पत्र 70,000 से ज्यादा मिले दिल्ली की आम जनता के सुझाव पर आधारित है।

About the author

pyarauttarakhand5