Champawat उत्तराखंड

उत्तराखंड चंपावत में भाजपा की अभूतपूर्व जीत, 92.94प्रतिशत मत मिले धामी को

प्यारा उत्तराखंड डॉट कॉम
आज 3 जून 2022 को उत्तराखंड में चंपावत विधानसभा के उपचुनाव के परिणाम ने भारतीय जनता पार्टी की लाज बच गई। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में जिस प्रकार से मुख्यमंत्री पद पर आसीन होने के बाबजूद पुष्कर सिंह धामी मोदी लहर के होते हुए भी अपनी परंपरागत विधानसभा क्षेत्र खटीमा से कांग्रेस के प्रत्याशी के हाथों में बुरी तरह हार गए थे। इससे इस उपचुनाव में भी भाजपा कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती थी। इसीलिए भाजपा ने अपने सबसे तेज तरार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी ।इस उपचुनाव में प्रचार के लिए उतारा। भले ही यह उपचुनाव धामी लड़ रहे हो परंतु यह उपचुनाव धामी से अधिक भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी। क्योंकि जिस प्रकार से भाजपा आलाकमान ने जनादेश को नजरअंदाज करते हुए अपनी विधानसभा सीट से हारे हुए पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाया। उसके बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन रहने के लिए 6 माह के अंदर विधानसभा की सदस्यता अर्जित करने के लिए यह विधानसभा उपचुनाव जीतना धामी से अधिक भाजपा आला नेतृत्व की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था। भाजपा आला नेतृत्व इस बात से आशंकित था कि जिन आस्तीन के सांपों ने अपनी मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए खटीमा की चुनावी चक्रव्यूह में धामी को हराने का काम किया। अगर वे ताकतें चंपावत में भी काम कर गई तो भाजपा आला कमान की प्रतिष्ठा पर प्रश्नचिन्ह लग जाएगा। भाजपा नेतृत्व को इस उहापोह से बाहर निकालने में कांग्रेस का अधूरे मन से चुनाव लड़ाने के कारण अप्रत्यक्ष रूप से बड़ा सहयोग रहा।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कॉन्ग्रेस आला नेतृत्व की सिपाहेसलारों ने अपने स्वार्थ के लिए कॉन्ग्रेस द्वारा जीता समझा जाने वाले चुनाव की बाजी की पलट दी। इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय के बाद कांग्रेस मृतप्राय सी हो गई । चंपावत विधानसभा उपचुनाव में मात्र रस्म अदायगी के लिए कांग्रेस ने अपनी प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को आधे अधूरे मन से चुनाव मैदान में उतारा। उसी दिन साथ प्रतीत हो गया था कि कांग्रेस ने भाजपा के लिए एक प्रकार से मैदान छोड़ दिया है ठीक इसी तरह का आरोप मतदान के बाद कांग्रेसी प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने अपनी व्यथा को समाचार पत्रों के माध्यम से व्यक्त किया कि प्रदेश कांग्रेस के संगठन ने उसका साथ नहीं दिया मतदान के दिन भी 90% कार्यकर्ता एक प्रकार से नदारद रहे।
31 मई 2022 को हुए चंपावत विधानसभा उपचुनाव के मतदान मैं भाजपा के प्रत्याशी प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अभूतपूर्व बहुमत से विजय मिली। इस सीट पर हुये कुल मतदान का 92.94% मत भाजपा की प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी को मिले। चुनाव आयुक्त द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस सीट पर कुल
62 683 मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। जिसमें1088 डाक मत व 61595 मतदाताओं ने मतदान मशीन द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा की विजयी प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी को 57268 मत मिले वहीं कांग्रेस की प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को केवल कुल मतदान का 5.16 %यानी 3233 मत मिले। इस प्रकार कांग्रेस की प्रत्याशी सहित अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जप्त हो गई। अन्य दो प्रत्याशी 500 का अंक ही नहीं छू पाये।

About the author

pyarauttarakhand5