दुनिया देश

भारत वैश्विक चुनौतियों का समाधान तलाशने के लिए सभी के साथ मिलकर काम करने को तैयार- राष्ट्रपति कोविन्द

राष्ट्रपति ने क्रोएशिया में भारतीय समुदाय को संबोधित किया

 राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने 26 मार्च, 2019 को क्रोएशिया में भारत के राजदूत अरिंदम बागची द्वारा जाग्रैब में आयोजित स्वागत समारोह के भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों को संबोधित किया।

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर अपने उद्गार प्रकट करते हुए कहा कि यह बहुत हर्ष की बात है कि भारतीय समुदाय, चाहे उसकी पृष्ठभूमि कैसी भी रही हो, उसे क्रोएशिया में बहुत अनुकूल एवं सौहार्दपूर्ण माहौल है और वह अपने तरीके से इस देश के विकास में योगदान दे रहा है। इसके बावजूद भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भारत और भारतीय मूल्यों तथा परम्पराओं को अपने हृदय में संजोकर रखा है और वे सही मायनों में वैविध्यपूर्ण, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और परम्पराओं से युक्त भारत का प्रतिबिंब हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारतवंशी वे प्रिज्म हैं जिनके माध्यम से क्रोएशिया की जनता भारत को देखती है और क्रोएशिया में भारतीय को मिली सफलता ने इस देश में भारत की सकारात्मक छवि का निर्माण करने में योगदान दिया है। उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों का अपने घरों में और अपने सामाजिक दायरों में स्वागत कर उदारता और सहृदयता प्रदर्शित करने के लिए क्रोएशिया की मैत्रीपूर्ण जनता का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारत और क्रोएशिया के बीच संबंध और समझ को बढ़ाने में उनमें से प्रत्येक के द्वारा निभाई गई भूमिका सही मायने में सराहनीय है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के लोकतंत्र, बहुलवाद और शांति जैसे मूल्यों और उसकी आर्थिक प्रगति की गाथा ने मिलकर उसे एक ऐसी प्रबल ताकत बनाया है, जिसकी अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक चुनौतियों का समाधान तलाशने के लिए सभी के साथ मिलकर काम करने और सभी के समक्ष दोस्ती का हाथ बढ़ाने को तैयार है।

राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच संबंध और समझ को बढ़ाने में भारत के मित्रों की ओर से निभाई गई भूमिका की सराहना की। ये लोग बड़ी संख्या में इस समारोह के दौरान मौजूद भी थे। उन्होंने सांस्कृतिक संस्थाओं, नृत्य और योग विद्यालयों, आयुर्वेदिक दवाखाना और भारतीय स्टोर्स और रेस्तराओं के विशाल नेटवर्क तैयार करने में उनके द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। इन सभी ने भारत को समूचे क्रोएशिया तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया है। उन्होंने कहा कि हम इस बात से बेहद प्रभावित हैं कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस क्रोएशिया के 37 शहरों में मनाया गया।

राष्ट्रपति ने कल शाम (26 मार्च, 2019) क्रोएशिया की राष्ट्रपति श्रीमती कोलिंदा ग्रेबर-कितारोविक द्वारा उनके सम्मान में आयोजित भोज में भी भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और क्रोएशिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। क्रोएशिया की आजादी भारतीय अर्थव्यवस्था के उदारीकरण के नए दौर के साथ हुई है। भारत की प्रगति की गाथा, खासतौर पर पिछले कुछ वर्षों की प्रगति और यूरोपीय संघ के सदस्य देश के रूप में क्रोएशिया की यात्रा में हमारी आर्थिक साझेदारी की आपार संभावनाएं मौजूद हैं।

 

About the author

pyarauttarakhand5